भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने खाजपुरा स्थित मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की और देश में सुख, शांति की कामना किया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महाशिवरात्रि के मौके पर पटना सिटी गौरी शंकर मंदिर भी पहुंचे और पूजा अर्चना किया।
पटना (बिहार) : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नितिन नवीन आज खाजपुरा और नेहरू मार्ग स्थित शिव मंदिर के निकट महाशिवरात्रि शोभा यात्रा के अभिनंदन महोत्सव में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न इलाकों से आई झांकियों का अभिनंदन किया।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन इस दौरान खाजपुरा मंदिर भी गए और भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर देश और बिहार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर आयोजकों ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया। उन्होंने इस आयोजन की तारीफ करते हुए निकाली गई झांकियों की प्रशंसा की।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अभिनंदन समिति के संयोजक सह दीघा के विधायक संजीव चौरसिया की तारीफ करते हुए कहा कि प्रति वर्ष समिति द्वारा यह आयोजन किया जाता है और प्रत्येक वर्ष इसका स्वरूप बढ़ता जा रहा है।
इसके बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना सिटी गौरी शंकर मंदिर पहुंचे और वहां पूजा अर्चना कर देवों के देव महादेव से आशीर्वाद मांगा। इस क्रम में उन्होंने देश की समृद्धि की कामना की।

इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
