शिवहर के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान ने छठ पर्व की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए गए यथोचित दिशा निर्देश

Spread the love

अरुण कुमार साह, जिला संवाददाता प्रमुख ~ शिवहर (बिहार) : जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने आगामी छठ पर्व को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस कप्तान शैलेश कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से जिले के प्रमुख छठ घाटों में से एक पच्चीयारी पोखर का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी और नगर कार्यपालक पदाधिकारी को बैरीकेडिंग, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा के सभी मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आदेश दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए उपयुक्त स्थानों पर वॉच टावर निर्माण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस प्रशाशन की प्राथमिकता है।

इसके लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि घाटों पर आने-जाने वाले मार्ग सुगम रहें इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को विशेष निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights