जिलाधिकारी ने सभी आवेदक की समस्याओं को गंभिरता पूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उस पर जांचोपरांत समुचित कार्रवाई के निदेश दिए।
मुंगेर : जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम के तहत समाहरणालय में आयोजित आज की जन सुनवाई सह जन संवाद में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने 22 नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले में तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

सदर प्रखंड अंतर्गत कुतलुपुर निवासी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कुतलुपुर दियारा पंचायत में हर घर नल जल योजना का क्रियान्वयन सही से नहीं किया जा रहा है, फलतः कई ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित पदाधिकारी को उक्त पंचायत का निरीक्षण कर वहां हर घर नल जल योजना के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने तथा आपूर्ति से संबंधित आवश्यक निदेश दिए।

आदमपुर साफ़ियाबाद निवासी संजय कुमार ने आदमपुर लाल खां चौक से गोपी शर्मा के घर तक सड़क एवं नाली निर्माण कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सड़क और नाले के आभाव में वहां के ग्रामीण काफ़ी परेशानियों के बीच रहने को मजबूर हैं। लालदरवाजा मिर्ची तालाब निवासी सुबोध शर्मा ने दबंगों पर उनके निजी जमीन को हड़पने किया शिकायत की। हेरु दियारा शिव नगर निवासी संजीत कुमार ने कहा की वह बीए का छात्र है तथा अर्थाभाव के कारण आगे की पढ़ाई नहीं रुके इसलिए रोजगार मुहैया कराने की मांग की।

वही साफ़ियाबाद गौरीपुर निवासी साजन कुमार मिश्रा ने कहा कि वह एक हाथ पांव से अपाहिज हैं तथा उनके पड़ोसी उनके साथ मारपीट करते हैं। उनके खिलाफ साफ़ियाबाद थाना में शिकायत करने पर उनकी शिकायत नहीं ली जा रहीं है। धरहरा औराबगीचा निवासी शिवरानी कुमारी ने दबंगों पर उनकी जमीन को हड़पने की शिकायत की। इसके अलावे भी कई आवेदनों की सुनवाई जिलाधिकारी द्वारा की गयी। जिलाधिकारी ने सभी आवेदक की समस्याओं को गंभिरता पूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उस पर जांचोपरांत समुचित कार्रवाई के निदेश दिए।
